politics
कल्पना मिश्रा के पिता का दूसरे दिन भी धरना जारी:रीवा में बोले- न्याय नहीं मिला, दोषियों पर FIR नहीं हुई तो नहीं उठूंगा
रीवा के संजय गांधी अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में पिता रामशरण मिश्रा का धरना गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रामशरण मिश्रा ने कहा कि जब तक बेटी और नवजात की मौत के मामले में न्याय नहीं मिलता और जिम्मेदारों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होती, तब तक धरने से नहीं उठेंगे। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कल्पना की इलाज के दौरान हालत बिगड़ी थी। इसके बाद कल्पना और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। परिवार ने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार डॉक्टरों और स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन की ओर से जांच कराई गई। जांच के बाद दो डॉक्टरों को निलंबित किया जा चुका है। इसके अलावा दो नर्सिंग स्टाफ पर भी कार्रवाई की गई है। मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी। वहीं, संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को भी पद से हटाया जा चुका है। विभागीय कार्रवाई से संतुष्ट नहीं परिवार रामशरण मिश्रा का कहना है कि निलंबन और विभागीय कार्रवाई के बावजूद उनकी मुख्य मांग पूरी नहीं हुई है। उनका कहना है कि बेटी और नवजात की मौत के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ FIR दर्ज कर आपराधिक कार्रवाई की जानी चाहिए। परिवार का कहना है कि केवल जांच और निलंबन से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। ‘FIR होने तक धरना जारी रहेगा’ धरने पर बैठे रामशरण मिश्रा ने कहा कि वे अपनी बेटी और नाती की मौत का न्याय चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों पर FIR दर्ज नहीं होती और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। परिवार ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Read full article on Bhaskar