politics
कमिश्नर बोले- सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारें:कहा- रेड कैटेगरी की योजनाओं में समय बढ़वाएं, गैरहाजिर अफसरों को तलब किया
गोरखपुर कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को आयुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित ग्रेड और रैंकिंग के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेड कैटेगरी में आने वाली योजनाओं की समय सीमा बढ़वाने के लिए संबंधित नोडल अधिकारियों से तत्काल समन्वय करें। उचित कारण बताकर समय अवधि में वृद्धि कराई जाए, ताकि जिलों की रैंकिंग पर प्रतिकूल असर न पड़े। कमिश्नर ने चेतावनी दी कि अगली बैठक में रेड कैटेगरी की योजनाओं के संबंध में उचित कारण नहीं बताया गया तो संबंधित विभाग के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नहीं आए अधिकारी, कमिश्नर ने तलब किया बैठक में राज्य निर्माण एवं श्रम विकास, सहकारी संघ लिमिटेड, सूपीसिडको, राज्य पर्यटन विकास निगम से संबंधित अधिकारी और माध्यमिक शिक्षा के संयुक्त निदेशक अनुपस्थित रहे। इस पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अधिकारियों को अनुपस्थिति का कारण बताते हुए अपने कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में विभागीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें। परियोजनाओं की प्रगति का फीडबैक लेते रहें, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर जिलों की रैंकिंग बेहतर बनी रहे। सूर्य घर योजना में महाराजगंज की धीमी प्रगति पर नाराजगी बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान महाराजगंज में प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। उन्होंने बैंकर्स, विद्युत विभाग और वेंडर्स के साथ समन्वय कर शासन से मिले लक्ष्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को पांच दिन के अंदर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बिजली बिल सुधारें, नई सड़कों का निर्माण जल्द पूरा करें विद्युत बिल सुधार की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को लंबित और गलत बिलों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों के निर्माण और अन्य कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए कहा गया। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रोजेक्ट अलंकार, पोषण अभियान, नई सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, फैमिली आईडी कार्ड, दैनिक विद्युत आपूर्ति समेत विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल और मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी मौजूद रहे। महाराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
Read full article on Bhaskar