top
कानपुर में डीसीएम से आधा लटका दिखा मवेशी:गौसेवकों ने 4 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा, पुलिस ने गाड़ी कब्जे में ली
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां में पशु क्रूरता का एक मामला सामने आया है। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे फतेहपुर रोड से रामादेवी की ओर जा रहे गौसेवकों ने एक डीसीएम में मवेशी को अमानवीय तरीके से आधा लटका देखा। उन्होंने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ गया। इसके बाद गौसेवकों ने डीसीएम का पीछा करना शुरू कर दिया। राहुल और अंकित नामक गौसेवकों के अनुसार, उन्होंने अपने साथियों के साथ करीब चार किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया। अहिरवां स्थित एक गेस्ट हाउस के सामने आखिरकार डीसीएम को रोक लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की। डीसीएम के अंदर 30 मवेशी ठूंसकर ले जाए जा रहे थे। मवेशियों की दयनीय हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गौसेवकों ने जब चालक को रोका और पशुओं को इस तरह ले जाने का विरोध किया, तो वह उनसे कहासुनी करने लगा। आरोप है कि, मानक के विपरीत मवेशियों को स्लाटर हाउस भेजा रहा था। पुलिस ने डीसीएम को तुरंत कब्जे में ले लिया और सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेज दिया। गौसेवकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह से पशुओं को वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था, वह बेहद अमानवीय था और इससे किसी भी मवेशी की जान जा सकती थी। सरसौल निवासी चालक इकराम ने बताया कि, वह भाड़ा लेकर सरसौल से उन्नाव के सिलाटर हाउस जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें जबरन रोककर गाली गलौज और हाथापाई भी की। हालांकि चालक मवेशियों से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। जिसपर पुलिस ने विधिक कार्रवाई की है। अहिरवां चौकी प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में चालक इकराम और उसके साथियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar