top
कर्जा चुकाने के लिए पेशाक कारोबारी को लूटा था:आगरा में 2.5 लाख की लूट में 3 अरेस्ट, कारोबारी के पूर्व कर्मचारी ने दिया था साथ
आगरा के कमला नगर में पोशाक कारोबारी से 25 अगस्त की रात हुई 2.5 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कारोबारी का पूर्व कर्मचारी भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपए, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लूट की एक और वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। दुकान से निकलते ही कारोबारी का पीछा किया 25 अगस्त की रात मनकामेश्वर मंदिर के पास पोशाक की दुकान चलाने वाले नंदन गुप्ता स्कूटी से कमला नगर के जी-ब्लॉक स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 2.5 लाख रुपए, टैबलेट और मोबाइल फोन रखे थे। व्यापारी की सूचना पर कमला नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की। पूर्व कर्मचारी ने दी थी व्यापारी की जानकारी एडीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पुष्पांजलि कॉलोनी, मनोहरपुर के पास घेराबंदी की। यहां से कृष उर्फ रजत, सागर और नीशू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि वारदात की योजना नीशू और उसके साथी गोलू उर्फ धर्मेंद्र ने बनाई थी। नीशू पहले कारोबारी की दुकान पर काम करता था। उसे व्यापारी के दुकान से निकलने और घर जाने की जानकारी थी। घटना वाले दिन नीशू ने व्यापारी के दुकान से निकलने की सटीक जानकारी अपने साथियों को दी। इसके बाद सागर और रजत बाइक से व्यापारी के पीछे लग गए और मौका मिलते ही बैग लूट लिया। टैबलेट नहीं चला पाए तो यमुना में फेंक दिया पुलिस के मुताबिक, लूट के बाद आरोपियों ने बैग से नकदी और मोबाइल निकाल लिए। वे टैबलेट चलाना नहीं जानते थे। इसलिए उन्होंने टैबलेट और खाली बैग यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस अब इन सामानों की बरामदगी के लिए भी प्रयास कर रही है। कर्ज में डूबा था सागर, बाइक भी गिरवी रखी पूछताछ में सागर ने पुलिस को बताया कि उसकी कपड़ों की दुकान थी, लेकिन नुकसान होने के कारण उसे दुकान बंद करनी पड़ी। इसके बाद उस पर कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपनी बाइक भी गिरवी रख दी थी। बाइक छुड़ाने के लिए ही उसने लूट की वारदात में शामिल होने की बात पुलिस को बताई। लूट के बाद आरोपी रकम बांटने के लिए एक जगह मिलने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। जिस दुकान में काम करते थे, उसी को लूटने की तैयारी पुलिस के मुताबिक, नीशू और गोलू फिलहाल जिस दुकान पर काम कर रहे थे, उसके कारोबारी को भी लूटने की योजना बना रहे थे। दोनों ने कारोबारी की गतिविधियों की जानकारी जुटा ली थी। वे मौका मिलते ही इसी तरह वारदात करने की तैयारी में थे। पुलिस अब फरार आरोपी गोलू उर्फ धर्मेंद्र की तलाश कर रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
Read full article on Bhaskar