crime
किराना दुकान से ढाई लाख चोरी का खुलासा:चोरी के पैसों से मोबाइल-बैग-कपड़े खरीदे, एक आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी जिले की पोहरी पुलिस ने एक किराना दुकान से ढाई लाख रुपये की चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की रकम में से 17,200 रुपये नकद और लगभग 43,000 रुपये का सामान बरामद किया गया है, जिसे चोरी के पैसों से खरीदा गया था। यह घटना 24 अगस्त को पोहरी किला रोड स्थित अशोक कुमार गुप्ता की किराना दुकान पर हुई थी। गुप्ता ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 7 बजे दुकान खोलने के बाद वे पास के मंदिर गए और फिर कुछ देर के लिए अपने घर चले गए। जब वे वापस लौटे, तो दुकान का शटर और गल्ला खुला मिला और उसमें रखे 2 लाख 50 हजार रुपये गायब थे। दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, लेकिन पड़ोसी दुकान के कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति को दुकान के अंदर जाते और बाहर निकलते देखा गया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत धारा 331(3) और 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया था। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान ने आरोपियों की तलाश के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ साइबर सेल की भी मदद ली। 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंशा उर्फ मनीष ठाकुर (30) निवासी ब्लॉक कॉलोनी पोहरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी के कब्जे से 17,200 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा, चोरी के पैसों से खरीदा गया एक ओप्पो मोबाइल, लाल-बैंगनी-सफेद रंग का एक बैग, दो जोड़ी कपड़े, एक जोड़ी जूते और एक एयरफोन भी जब्त किया गया। बरामद कुल मशरूका की कीमत लगभग 43 हजार रुपये है। मंशा ठाकुर ने पूछताछ में बताया कि उसने चोरी की रकम में से 12,500 रुपये बबलू उर्फ बाबा गोस्वामी निवासी पोहरी को दिए थे। इस मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जबकि शेष रकम लल्लू कुशवाह निवासी भटनावर के पास होना बताया है। पुलिस अब बबलू उर्फ बाबा गोस्वामी और लल्लू कुशवाह सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
Read full article on Bhaskar