politics
करैरा में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन:बोलीं- इससे घर में मारपीट-विवाद होता है, SDM को दिया ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र के ढूमधना गांव की आदिवासी महिलाएं और ग्रामीण मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने गांव में अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने गांव में दो जगहों पर शराब बेचे जाने की शिकायत करते हुए पुलिस और आबकारी विभाग से कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में दो जगहों पर अवैध शराब बेची जा रही है। मजदूरी करके घर लौटने वाले कुछ पुरुष अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शराब में खर्च कर देते हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। महिलाओं का आरोप है कि शराब के नशे में घरों में अक्सर विवाद और मारपीट होती है। उनका कहना है कि शराब पीने वालों के जमावड़े के कारण महिलाओं और युवतियों को गांव के रास्तों से निकलने में परेशानी होती है। स्कूल जाने वाले रास्ते पर भी जमावड़े का आरोप ग्रामीणों ने बताया कि जिस रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं, वहां दिन में भी शराब पीने वालों का जमावड़ा रहता है। महिलाओं का आरोप है कि वहां गाली-गलौज और बदतमीजी का बच्चों पर भी असर पड़ रहा है। दोनों जगहों पर कार्रवाई की मांग महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि पुलिस और आबकारी विभाग की टीम गांव भेजकर दोनों जगहों की जांच करे और अवैध शराब बिक्री मिलने पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने गांव में शराब की अवैध बिक्री बंद कराने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar