top
कासगंज के सहावर थाना प्रभारी लाइन हाजिर:सीओ की जांच में लापरवाही मिलने पर हुई कार्रवाई, दो पक्षों के विवाद में हुई थी फायरिंग
कासगंज जिले के पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सहावर थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहावर की जांच में थाना प्रभारी द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही सामने आने के बाद की गई। दरअसल, कस्बा सहावर के मोहल्ला कुरैशी में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग से संबंधित एक वीडियो और समाचार पत्र की कटिंग सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। सीओ सहावर ने इस मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि 12 अगस्त 2026 को दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। इस संबंध में थाना सहावर में बहार मियां सहित पांच लोगों के खिलाफ मु0अ0सं0 316/26 धारा 191(2)/115(2)/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो के संबंध में प्रभारी निरीक्षक सहावर ने स्पष्ट किया कि फायरिंग से संबंधित वीडियो साल 2021 का है। हालांकि, वर्तमान घटना के संबंध में थाना प्रभारी द्वारा उच्चाधिकारियों को समय पर सूचित न करने और इसमें शामिल व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई न करने को गंभीरता से लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा पर अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और उदासीनता बरतने का आरोप है। इसके अलावा, थाना क्षेत्र में प्रभावी नियंत्रण न रख पाने और प्रचलित अभियानों में अपेक्षित रुचि न लेने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।
Read full article on Bhaskar