top
कासगंज में रक्षाबंधन पर पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च निकाला:एसपी के नेतृत्व में शहर में सुरक्षा का जायजा, एंटी रोमियो टीम सक्रिय
कासगंज में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार और सीओ आंचल चौहान के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। यह फ्लैग मार्च चौराहों, सोरों गेट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बिलराम गेट जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। एसपी ने इस दौरान बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत कर सुरक्षा का जायजा भी लिया। एसपी ओपी सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर बहन-बेटियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और यात्री स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी रोमियो टीम को भी सक्रिय किया गया है। इसके अतिरिक्त, मिशन शक्ति टीम और सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने नागरिकों से त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की भी अपील की।
Read full article on Bhaskar