top
कौशांबी पटाखा विस्फोट:मुख्य आरोपी नौशाद के मकान पर चला बुलडोजर:तीन मंजिला बिल्डिंग गिराने की कार्रवाई जारी, घटना के बाद से फरार है 3 आरोपी
कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में हुए अवैध पटाखा विस्फोट के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार शाम करीब सात बजे मुख्य आरोपी नौशाद के तीन मंजिला मकान पर तीन बुलडोजर चलाए गए। मकान को गिराने की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। छह आरोपियों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा 31 अगस्त 2026 को पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पिपरी थाने में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने गंभीर धाराओं के साथ विस्फोटक अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। घटना के बाद अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मुख्य आरोपी नौशाद भी शामिल है, जिसे पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। तीन आरोपी अभी भी फरार मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों की पहचान शकील पुत्र निजामुद्दीन, कहकशां बानो पत्नी नौशाद और आदिल पुत्र नौशाद के रूप में हुई है। एसपी कौशांबी के अनुसार, घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों की अन्य संपत्तियों की जानकारी भी राजस्व विभाग जुटा रहा है। NSA के तहत कार्रवाई की तैयारी एसपी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन मामले में आरोपियों की संपत्तियों की भी जानकारी जुटा रहे हैं। परिजनों ने की थी कड़ी कार्रवाई की मांग मंगलवार सुबह विस्फोट में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन और घायलों के परिजन डीएम और एसपी से मिले थे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद देर शाम मुख्य आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में काफी हलचल रही।
Read full article on Bhaskar