top
किशनगंज सड़क हादसे में डॉक्टर की मौत:दोस्त बोले-'अस्पताल पहुंचने के 3 घंटे तक इलाज नहीं मिला',परिजनों ने की जांच की मांग
किशनगंज सड़क हादसे में घायल डॉक्टर की सदर अस्पताल में मौत हो गई है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन पर इलाज में देरी और लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं। मृतक डॉक्टर के मित्र और सीएम साइंस कॉलेज के प्रोफेसर राधेश्याम शर्मा ने आरोप लगाया है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी करीब दो से तीन घंटे तक डॉक्टर को समुचित इलाज नहीं मिल सका। प्रोफेसर शर्मा के अनुसार, घायलों को सुबह लगभग 7:15 बजे सदर अस्पताल लाया गया था, लेकिन सुबह 10 बजे तक उनका इलाज शुरू नहीं हो पाया। एक्स-रे के लिए इंतजार करने को कहा राधेश्याम शर्मा का दावा है कि इसी दौरान घायल डॉक्टर अनिल कुमार सिंह की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए यह भी बताया कि उन्हें अपने एक्स-रे के लिए भी परिजनों के आने का इंतजार करने को कहा गया था। प्रोफेसर शर्मा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से अपील की है कि सुबह 7 बजे से 10 बजे तक की सदर अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाए। अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग इसका उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद क्या चिकित्सा प्रक्रिया अपनाई गई और इलाज में कोई देरी हुई थी या नहीं। उन्होंने दोषी पाए जाने पर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है। वहीं, इस मामले में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवार हुसैन ने लापरवाही के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने वाले सभी घायलों का इलाज तत्काल शुरू कर दिया गया था। सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिकॉर्ड की जांच फिलहाल, दोनों पक्षों के दावों के बीच सच्चाई जांच का विषय बनी हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड से यह स्पष्ट हो सकता है कि घायलों को अस्पताल पहुंचने के बाद कितनी देर में उपचार मिला। यह दुर्घटना शुक्रवार को सुखानी थाना क्षेत्र के एनएच-327ई पर सुबह लगभग 5 बजे एक ट्रक और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुई थी। कार में कुल चार लोग सवार थे। स्पॉट पर एक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए,जिनमे से एक और कि अस्पताल में मौत हो गयी। डॉक्टर अनिल कुमार सिंह दरभंगा में प्रैक्टिस करते थे मृतकों में 65 वर्षीय डॉक्टर अनिल कुमार सिंह, निवासी बहेरी, दरभंगा, और 50 वर्षीय पवन यादव, निवासी अमरामथ, मधुबनी शामिल हैं। डॉक्टर अनिल कुमार सिंह दरभंगा में प्रैक्टिस करते थे। हादसे में 52 वर्षीय तेज नारायण मुखिया, निवासी सिंहिया, समस्तीपुर और 50 वर्षीय राधेश्याम शर्मा, निवासी मधुबनी घायल हुए हैं। गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने मारी थी टक्कर बताया जा रहा है कि सभी लोग मधुबनी से सिलीगुड़ी रक्षाबंधन के हिसाब से बहन से राखी बंधवाने जा रहे थे। इसी दौरान सुखानी थाना क्षेत्र में गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पवन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉक्टर अनिल कुमार सिंह ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद यातायात थाना पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची। यातायात थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
Read full article on Bhaskar