business
कैट का अनुमान:मध्यप्रदेश में 14 हजार करोड़ रुपए तक का कारोबार, कपड़ा और सराफा में ज्यादा रौनक
दीपावली पर इस बार मध्यप्रदेश के बाजारों में 14 हजार करोड़ रुपए तक का कारोबार होने का अनुमान है। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, त्योहार के अंतिम 7 से 10 दिनों में प्रदेशभर में खरीदारी का जोर रहेगा। कपड़ा, सराफा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में सबसे ज्यादा रौनक रहने की उम्मीद है। स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती मांग और स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी का रुझान भी कारोबार को गति देगा। कैट भोपाल के जिलाध्यक्ष एवं मप्र के स्टेट मीडिया इंचार्ज धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश में इस बार 12 से 14 हजार करोड़ रुपए तक के कारोबार की संभावना है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन के साथ सागर, रीवा, सतना, रतलाम, देवास, कटनी, छिंदवाड़ा और खंडवा जैसे शहरों में भी बाजारों में अच्छी खरीदारी की उम्मीद है। छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण बाजारों में कपड़े, किराना, मिठाई, पूजा सामग्री और घरेलू जरूरतों की खरीदारी से स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी। कपड़ा-ज्वेलरी में 4200 करोड़ का कारोबार: कैट के सेक्टरवार अनुमान के मुताबिक, कपड़ा और रेडीमेड गारमेंट्स में 2200 करोड़ रुपए, सोना-चांदी और ज्वेलरी में 2000 करोड़, ऑटोमोबाइल में 1700 करोड़ और इलेक्ट्रॉनिक्स व घरेलू उपकरणों में 1300 करोड़ रुपए का कारोबार हो सकता है। किराना और एफएमसीजी में 1100 करोड़, मिठाई-नमकीन में 900 करोड़, गिफ्ट आइटम व होम डेकोर में 800 करोड़ और पूजा सामग्री व ड्राई फ्रूट में 650 करोड़ रुपए के व्यापार का अनुमान है। पटाखा कारोबार में 600 करोड़, फर्नीचर-फर्निशिंग में 550 करोड़, फुटवियर में 350 करोड़ और अन्य व्यापारिक गतिविधियों में 1850 करोड़ रुपए का कारोबार होने की संभावना जताई गई है। पटाखा कारोबार में कमी कैट के अनुसार, पर्यावरण जागरूकता, ग्रीन पटाखों से जुड़े नियमों और उपलब्धता के कारण पटाखा कारोबार में अपेक्षाकृत कमी रह सकती है। वहीं कपड़ा, सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मिठाई जैसे क्षेत्रों में मांग बेहतर रहने की उम्मीद है। कैट ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की है।
Read full article on Bhaskar