crime
खैरथल-भिवाड़ी के लिए सीधी बस सेवा नहीं:जिले बनने के तीन साल बाद भी ग्रामीण परेशान, बोले-निजी जीप और टेंपो ड्राइवर करते हैं मनमानी
खैरथल-तिजारा जिले के गठन के तीन साल पूरे होने को हैं। मगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को जिला मुख्यालय और औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी से जोड़ने के लिए पर्याप्त रोडवेज बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी अब भी बरकरार है। ग्रामीणों ने हरसौली, बीबीरानी, कोटकासिम, बूढ़ी बावल होते हुए भिवाड़ी तक नियमित सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग की है। सीधी रोडवेज बस नहीं होने से आमजन परेशान ग्रामीण विक्रम सिंह यादव, सरजीत सिंह चौधरी, कुलदीप यादव, अनिल रोहिल्ला, रमेश पार्षद, नारायण, एमपीएस मोहित जांगिड़ सहित अन्य लोगों ने बताया-खैरथल से हरसौली, बीबीरानी, कोटकासिम, बूढ़ी बावल होते हुए भिवाड़ी की दूरी करीब 70 किलोमीटर है। इस मार्ग से सैकड़ों गांवों के हजारों लोग नौकरी, व्यापार, शिक्षा और निजी कार्यों के लिए प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सीधी रोडवेज बस नहीं होने के कारण यात्रियों को बार-बार साधन बदलने के साथ अतिरिक्त समय और किराया खर्च करना पड़ता है। निजी जीप और टेंपो ड्राइवर करते हैं मनमानी ग्रामीणों का कहना है कि निजी जीप और टेंपो चालक कई बार क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चलाते हैं और मनमाना किराया वसूलते हैं। नियमित परिवहन साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। आपातकालीन परिस्थितियों, विवाह समारोह और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भी ग्रामीणों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों की ओर से परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन बाद में समस्या जस की तस बनी रहती है। जिला बनने के बाद भी नहीं मिली सीधी बस राजस्थान में तत्कालीन गहलोत सरकार ने 4 अगस्त 2023 को नए जिलों के गठन की घोषणा की थी और 7 अगस्त 2023 को आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के साथ खैरथल-तिजारा जिला अस्तित्व में आया। इसके बावजूद आज तक खैरथल से हरसौली,बीबीरानी,कोटकासिम, बूढ़ी बावल होते हुए भिवाड़ी तक सीधी नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जिला बनने के बाद भी परिवहन सुविधा के मामले में ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। तिजारा रोडवेज डिपो के प्रबंधक पवन कटारा ने बताया कि अभी तक सरकार की ओर से तिजारा डिपो को कोई नई बस उपलब्ध नहीं कराई गई है। यदि डिपो को नई बसें मिलती हैं तो इस रूट पर बस सेवा शुरू की जा सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और रोडवेज विभाग से मांग की है कि खैरथल से हरसौली, बीबीरानी, कोटकासिम, बूढ़ी बावल होते हुए भिवाड़ी तक नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू की जाए। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय और भिवाड़ी से सीधा परिवहन संपर्क मजबूत होगा।
Read full article on Bhaskar