crime
खेत में मिली अज्ञात युवक की लाश, हत्या कर फेंका:शिवपुरी में शराब गोदाम के पीछे शव मिला, पुलिस को हत्या कहीं और कर शव फेंकने का शक
शिवपुरी के सुरवाया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक खेत में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पर मिले गहरे चोट के निशानों और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह संभावना भी देख रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को खेत में लाकर फेंका गया हो। शुक्रवार सुबह सुरवाया थाना पुलिस को ग्राम करई डांडा स्थित शराब गोदाम के पीछे खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रियंका पाराशर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा बनाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। शरीर पर गहरे चोट के निशान पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष है। शव पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। इन्हीं के आधार पर पुलिस धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जता रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को खेत में लाकर फेंक दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने युवक के हुलिए की जानकारी आसपास के गांवों और अन्य थानों में भेजी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों की जानकारी भी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाकर पुलिस हत्या से जुड़े सुराग तलाश रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह थाना प्रभारी प्रियंका पाराशर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। शव के पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Read full article on Bhaskar