crime
खेत से गांजे के 2.98KG पौधे जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार:एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धंबोला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाम का तालाब गांव में एक खेत से 2.984 किलोग्राम गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। धंबोला थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि थाम का तालाब गांव में एक व्यक्ति ने अपने घर के पास खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना की विश्वसनीयता जांचने के बाद थानाधिकारी किलानिया के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्काल थाम का तालाब गांव में रमण पुत्र लेहरी पारगी के घर के पास स्थित खेत पर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को खेत में गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने रमण पारगी से इन पौधों के संबंध में पूछताछ की, जिस पर उसने अवैध रूप से गांजा उगाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने सभी गांजे के पौधों को उखाड़कर उनका वजन किया, जो कुल 2.984 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे के पौधों को जब्त कर लिया और आरोपी रमण पारगी (63) निवासी थाम का तालाब, थाना धंबोला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
Read full article on Bhaskar