crime
लखीमपुर-खीरी में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत:मोहम्मदी-पुवायां मार्ग पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, छोटे भाई की एक साल पहले गई थी जान
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी-पुवायां मार्ग पर शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय शिवकुमार की मौत हो गई। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदी ले गई थी, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शिवकुमार पुत्र नन्हेंलाल, ग्राम देहुआ पस्तोर का रहने वाला था। वह किसी काम से मोटरसाइकिल लेकर मोहम्मदी आया था। घर लौटते समय ईंट भट्ठे के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस घायल शिवकुमार को सीएचसी लेकर पहुंची। शिवकुमार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई अश्विनी की भी करीब एक साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। शिवकुमार की मौत के बाद परिवार में कोई बेटा नहीं बचा। अस्पताल में बेटे का शव देखकर मां शर्मीली रोने लगीं। उन्होंने कहा कि अब उनके घर में कोई बेटा नहीं बचा। पिता नन्हेंलाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मामले की जांच कर रहीं उपनिरीक्षक अंजना जायसवाल ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की शिकायत पर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। उन्होंने कहा कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar