top
लखीमपुर में कर्मचारी आवास में महिला ने किया सुसाइड:फंदे से लटका मिला शव, 10 दिन पहले छोड़ी थी नौकरी
लखीमपुर खीरी में पलिया नगर के पटिहन रोड स्थित कृष्णानगर की श्यामल फैक्ट्री के कर्मचारी आवास में रविवार को एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक महिला की पहचान सोनी के रूप में हुई है, जो अपने पति मनोज के साथ फैक्ट्री परिसर स्थित कर्मचारी आवास में रहती थी। मनोज श्यामल फैक्ट्री में कार्यरत है। फैक्ट्री मालिक सलिल अग्रवाल के अनुसार, सोनी भी पहले फैक्ट्री में काम करती थी, लेकिन करीब दस दिन पहले उसने काम छोड़ दिया था। रविवार को मनोज ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान सोनी अपने कमरे में अकेली थी। बताया जा रहा है कि उसने अलमारी पर चढ़कर दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी परिजनों को होने तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सीओ जितेंद्र सिंह परिहार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था और काफी प्रयास के बाद भी नहीं खुला। पुलिस ने कटर की मदद से दरवाजा कटवाया और शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Read full article on Bhaskar