crime
लखनऊ में खोया, तेल और चूरन की खेप पकड़ी गई:रक्षाबंधन से पहले FSDA का एक्शन, पारा-दुबग्गा में एक साथ छापेमारी
लखनऊ में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पारा और दुबग्गा क्षेत्र में एक साथ की गई छापेमारी के दौरान खोया, खाद्य तेल और बच्चों के चूरन समेत बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद की है। टीम ने खाद्य पदार्थों से लदीं गाड़ियां सीज की हैं। दुबग्गा में खोया लदी गाड़ी पकड़ी दुबग्गा में FSDA की टीम ने खोया लदी एक गाड़ी पकड़ी। नकली तेल और खोया से भरे ट्रकों को भी कब्जे में लेकर सीज किया। बच्चों के चूरन से भरे वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान FSDA अधिकारी विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और बरामद खाद्य पदार्थों की जांच शुरू कराई। सीज की गई गाड़ियों को थाने में खड़ा कराया गया है। इनमें रखे खाद्य पदार्थों के नमूने FSDA की टीम ने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद यह पता चलेगा कि बरामद खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता और सुरक्षा मानक को पूरा कर रहे हैं या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। मानकों पर खरा न उतरने वाले खाद्य पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कराया जाएगा। त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग की ओर से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।
Read full article on Bhaskar