top
लूट में कार्रवाई न करने पर 5 पुलिसकर्मी निलंबित:डीआईजी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज, 3 आरोपी गिरफ्तार; लूट की रकम, कार बरामद
जौनपुर में सस्ते दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर व्यापारी से 3 लाख रुपए लूटने के मामले में जलालपुर पुलिस की लापरवाही सामने आई है। 25 अगस्त की शाम हुई घटना की शिकायत के बावजूद समय पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। लापरवाही पर दरोगा समेत 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। डीआईजी वाराणसी रेंज के निर्देश पर हुई जांच में शिकायत सही मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर ली है। सस्ते सोने का झांसा देकर बुलाया शकरमंडी निवासी व्यापारी आकाश सेठ ने बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से रियायती दर पर सोना दिलाने का झांसा दिया गया था। 25 अगस्त को वह अपने मित्र सौरभ प्रताप के साथ 3 लाख रुपए लेकर जलालपुर के इजरी गांव पहुंचे। आरोप है कि वहां अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह, इंद्रजीत सरोज और विशाल सिंह ने दोनों के साथ मारपीट की और 3 लाख रुपए लूट लिए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। डीआईजी के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा घटना के बाद आकाश सेठ ने डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र के सीयूजी नंबर पर शिकायत की। डीआईजी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद 26 अगस्त को जलालपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 दर्ज किया गया। 3 आरोपी गिरफ्तार, रकम और कार बरामद मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह और इंद्रजीत सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 3 लाख रुपए की नकदी और वारदात में इस्तेमाल कार (UP65CF1241) बरामद हुई है। चौथे आरोपी विशाल सिंह की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज करने में लापरवाही पर 5 निलंबित मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर उपनिरीक्षक राम भुवन यादव, रिक्रूट कांस्टेबल राज सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल शिवा सिंह, हेड मुहर्रिर संतोष मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र को निलंबित किया गया है। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Read full article on Bhaskar