Canada's #1 Community Marketplace
Home Blog News Announcements Pricing Register Free
business

मालनपुर में गोदरेज की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शुरू,चंबल को मिलेगी औद्योगिक विकास की नई रफ्तार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

📰 Timesofmalwa 🕐 1 min read 📅 August 26, 2026 👁 3 views
मालनपुर में गोदरेज की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शुरू,चंबल को मिलेगी औद्योगिक विकास की नई रफ्तार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल/भिंड। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चंबल अंचल अब अपनी पुरानी पहचान से आगे बढ़ते हुए औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की नई एकीकृत विनिर्माण इकाई का शुभारंभ इसी बदलते औद्योगिक परिदृश्य का उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मालनपुर में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की चौथी नवीन एकीकृत विनिर्माण इकाई का शुभारंभ किया। इस विस्तार में करीब 450 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश किया गया है। नई इकाई के संचालन से 600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। मालनपुर में बढ़ रहा औद्योगिक निवेश मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अब देश के साथ-साथ देश-विदेश के निवेशकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण औद्योगिक गंतव्य बन रहा है। मालनपुर में गोदरेज का लंबे समय से जारी निवेश इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गोदरेज ने करीब तीन दशक पहले जब मालनपुर में अपनी पहली इकाई शुरू की थी, तब कंपनी ने यहां की चुनौतियों के बजाय भविष्य की संभावनाओं को देखा। आज मालनपुर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने वाले प्रमुख केंद्रों में शामिल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां टॉय से लेकर टायर तक विभिन्न क्षेत्रों में उद्योग विकसित हो रहे हैं। एलेक्सर इंडस्ट्रीज का करीब 1500 करोड़ रुपये का निवेश, गौतम सोलर की सोलर सेल निर्माण इकाई और मवई में ग्लास मैन्युफैक्चरिंग इकाई जैसी परियोजनाएं क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ा रही हैं। एशिया की बड़ी सोप मैन्युफैक्चरिंग सुविधा मालनपुर में गोदरेज की नई इकाई के शुरू होने के बाद मालनपुर में एशिया की सबसे बड़ी एकीकृत सोप मैन्युफैक्चरिंग सुविधाओं में से एक स्थापित हुई है। यहां प्रति मिनट करीब 4,000 साबुन बार तैयार करने की क्षमता बताई गई है। गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की एग्जिक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने कहा कि मालनपुर में कंपनी की शुरुआत वर्ष 1991 में हुई थी। करीब 35 वर्षों के इस सफर में कंपनी ने मध्यप्रदेश में लगातार निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं। उन्होंने बताया कि मालनपुर स्थित परिसर में साबुन, हेयर कलर और घरेलू कीटनाशक सहित विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जाता है। नई विनिर्माण इकाई के विस्तार से उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। 600 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार नई इकाई के शुरू होने से मालनपुर और आसपास के क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के एमडी एवं सीईओ आसिफ मलवारी ने बताया कि मालनपुर प्लांट में वर्तमान में करीब 2,200 कर्मचारी कार्यरत हैं। विस्तार के बाद यह संख्या करीब 2,800 तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक ऑटोमेशन और डिजिटाइजेशन तकनीक से नई इकाई को तैयार किया गया है। प्लांट में आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग मशीनरी का इस्तेमाल किया गया है। महिलाओं के रोजगार और नाइट शिफ्ट पर जोर निसाबा गोदरेज ने कहा कि मालनपुर प्लांट में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम करने के अवसर उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा से जुड़े उपाय किए जाने से महिला कर्मचारियों के लिए रोजगार, कौशल विकास और नेतृत्व के नए अवसर बने हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित कार्यस्थल के साथ समान अवसर मिलना जरूरी है। गोदरेज के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में महिला और पुरुष कर्मचारियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। GIS-2025 के निवेश प्रस्तावों का 30 प्रतिशत से अधिक काम जमीन पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में करीब 30.77 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से 30 प्रतिशत से अधिक निवेश अब धरातल पर उतर चुका है और करीब 10 लाख करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजनाएं मूर्त रूप ले रही हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उत्पादित करीब 76 हजार करोड़ रुपये के उत्पादों का विदेशों में निर्यात हो रहा है। राज्य की बढ़ती निर्यात क्षमता औद्योगिक विस्तार का संकेत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास करने वाले राज्यों में अग्रणी बन रहा है। उन्होंने निवेशकों से जनवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने और प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने का आह्वान किया। दो महीने में ग्वालियर-चंबल में तीसरी बड़ी औद्योगिक इकाई मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले करीब दो महीनों में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तीसरी बड़ी औद्योगिक इकाई का शुभारंभ हुआ है। इससे पहले गुना में करीब 1500 करोड़ रुपये के निवेश से सीमेंट प्लांट और शिवपुरी में डिफेंस सेक्टर से जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की दिशा में काम आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में किए गए निवेश समझौते अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। ग्वालियर में टेलीकॉम सेक्टर की बड़ी इकाई और टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित करने की योजना से पूरे क्षेत्र के औद्योगिक स्वरूप में बदलाव आने की उम्मीद है। चंबल में निवेश और रोजगार की नई पहचान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चंबल क्षेत्र की पहचान अब निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों से बन रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गोदरेज समूह मालनपुर में भविष्य में अपनी पांचवीं इकाई भी स्थापित करेगा। उन्होंने गोदरेज समूह से भिंड जिले के स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। मध्यप्रदेश की निर्यात क्षमता बढ़कर 76 हजार करोड़ रुपये मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की सीमाओं पर समुद्र नहीं है, इसके बावजूद राज्य में बने उत्पाद दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंच रहे हैं। प्रदेश की विदेशी निर्यात क्षमता करीब 76 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचना राज्य में बढ़ती औद्योगिक क्षमता का संकेत है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित कर स्थानीय औद्योगिक संभावनाओं की पहचान की थी। इसी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप विभिन्न क्षेत्रों में निवेश परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। गोदरेज का मालनपुर से 35 साल पुराना संबंध गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की ओर से बताया गया कि मालनपुर में कंपनी का औद्योगिक सफर वर्ष 1991 में शुरू हुआ था। करीब 70 एकड़ क्षेत्र में फैले मैन्युफैक्चरिंग परिसर में अब तक लगभग 850 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। नई इकाई के साथ मालनपुर में गोदरेज की उत्पादन क्षमता और बढ़ेगी। कंपनी के अनुसार मालनपुर से तैयार होने वाले उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाए जाएंगे। गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के एमडी एवं सीईओ आसिफ मलवारी ने कहा कि कंपनी को मध्यप्रदेश सरकार की ओर से व्यवसाय विस्तार के लिए सहयोग मिल रहा है। उन्होंने मालनपुर को कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। मालनपुर को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है। चंबल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि भिंड जिले में हाइड्रोजन उत्पादन से जुड़ी औद्योगिक परियोजना पर भी काम आगे बढ़ रहा है। ग्वालियर-चंबल संभाग में नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री और भिंड जिले के प्रभारी मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि गोदरेज के विस्तार से मालनपुर और आसपास के स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। मालनपुर में औद्योगिक विस्तार से बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं मालनपुर में गोदरेज की नई विनिर्माण इकाई का शुभारंभ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए निवेश, आधुनिक उत्पादन इकाइयों और रोजगार के अवसरों के विस्तार से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक केशव देसाई, विधायक अंबरीश शर्मा, विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना भदौरिया, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन अध्यक्ष संजय नागाइच, अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, देवेंद्र सिंह नरवरिया, गोदरेज ग्रुप के प्रेसिडेंट राकेश स्वामी सहित गोदरेज समूह के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Read full article on Timesofmalwa

Related News

🤖
GoBazaar Assistant
Search listings, jobs, events & more
👋 Hi! I can help you find anything on GoBazaar.
Try asking me something like:
"Room for rent under $800 in Calgary"
Select Location
All Canada
Alberta
British Columbia
Manitoba
New Brunswick
Nova Scotia
Ontario
Quebec
Saskatchewan