top
मायके में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव:शाहजहांपुर में शादी के 3 महीने बाद की आत्महत्या, पति पर दहेज उत्पीड़न का आरोप
शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव में बुधवार शाम एक विवाहिता ने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 27 वर्षीय पूजा का शव घर के पीछे बने भूसे के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसके पति पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूजा की शादी तीन महीने पहले खुटार थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी अनुपम दीक्षित से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के एक सप्ताह पहले पूजा मायके आ गई थी। पति से फोन पर बात करते हुए खेतों की ओर गई थी बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पूजा अपने पति से फोन पर बात करते हुए घर से बाहर खेतों की ओर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शाम करीब 5 बजे परिजनों ने घर के पीछे बने भूसे के कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो पूजा का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने खिड़की का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को नीचे उतारा। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। 20 लाख रुपए खर्च करने का दावा परिजनों ने आरोप लगाया कि पूजा की शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद पति की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। परिजनों का कहना है कि पूजा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar