crime
मंडला में बाइक की टक्कर से छात्रा की मौत:अस्पताल ले जाते तोड़ा दम, बहन से राखी बंधवाने जा रहा था युवक
मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतिका की पहचान लक्ष्मी बाई ताराम (14), निवासी झुलुप कन्हारी, बिछिया के रूप में हुई है। लक्ष्मी कक्षा 7वीं की छात्रा थी। यह घटना तब हुई जब तिलई बम्हनी निवासी अजय यादव रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के घर राखी बंधवाने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नहाकर घर लौट रही लक्ष्मी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल लक्ष्मी को उपचार के लिए बिछिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने के दौरान रास्ते में ही लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार भी घायल हुआ है। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। अस्पताल चौकी द्वारा घटना की सूचना बिछिया पुलिस को दी जा रही है।
Read full article on Bhaskar