top
महिला सिपाही से अश्लील इशारे, कार में बैठने का दबाव:अलीगढ़ में शराबी ने बोतल फेंकी, पति ने विरोध किया तो गाली देकर भागा, पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच
अलीगढ़ में तीन साल की बेटी के साथ घूम रही महिला सिपाही से कार सवार युवक ने अश्लील हरकत की। लिफ्ट और रुपए ऑफर किए। विरोध करने पर युवक ने गुस्से में शराब की बोतल फेंक दी। पति ने विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज की गई। घटना 2 सितंबर की रात करीब 9 बजे की बताई गई है। महिला सिपाही के पति की शिकायत पर बन्नादेवी पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पत्नी और बेटी के साथ जीटी रोड पर घूम रहे थे महिला सिपाही के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जिला पुलिस में तैनात अपनी पत्नी और तीन साल की बेटी के साथ घर के बाहर जीटी रोड पर घूम रहे थे। इसी दौरान सफेद कार वहां आकर रुकी। कार में बैठा युवक शराब पी रहा था। उसने महिला को आवाज देकर कथित तौर पर अश्लील इशारे किए और पैसे का लालच देकर कार में बैठने के लिए कहा। महिला सिपाही ने उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया। विरोध किया तो शराब की बोतल फेंकने का आरोप आरोप है कि महिला के विरोध करने पर युवक गुस्से में आ गया और उसने शराब की बोतल फेंक दी। इसके बाद कार को दोबारा घुमाकर महिला के पास ले आया। शिकायत के मुताबिक, युवक ने कार का गेट खोलकर फिर कथित तौर पर अश्लील इशारे किए। महिला के पति ने जब युवक को ऐसा करने से रोका तो उसने उसके साथ भी अभद्रता की। शिकायत में आरोप है कि युवक ने पति से कहा कि गाड़ी में बैठकर बात करो, पैसे दूंगा। विरोध करने पर युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया। कार नंबर से आरोपी की तलाश शिकायत के आधार पर बन्नादेवी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीओ द्वितीय धनंजय के अनुसार पुलिस कार नंबर और शिकायत में बताए गए घटनाक्रम के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar