top
महराजगंज के बाजारों में रौनक:खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
महराजगंज शहर के बाजारों में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व से पहले दिनभर रौनक रही। महिलाएं और युवतियां देर शाम तक राखी, मिठाई, पूजा सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करती दिखीं। बाजारों में भारी भीड़ के कारण प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने पुलिस टीम के साथ शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बाजारों में पैदल गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए निकली महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने और भीड़भाड़ के दौरान पुलिस का सहयोग करने की अपील की। इस सुरक्षा व्यवस्था से बाजार में खरीदारी करने आए लोगों ने राहत महसूस की।
Read full article on Bhaskar