top
महाराष्ट्र हाईवे पर 61 लाख की लूट में 3 गिरफ्तार:प्रयागराज में चौंकाने वाला खुलासा किया, बोले- वारदात में मुंबई पुलिस का ASI भी शामिल
महाराष्ट्र के ठाणे ग्रामीण जिले में मुंबई-आगरा हाईवे पर 61.50 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन आरोपियों को यूपी एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट और महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी सरायइनायत थाना क्षेत्र में वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंदावा चौराहे के पास स्थित श्री भोजनालय से पकड़े गए। आरोपियों के कब्जे से 1.05 लाख रुपये नकद, एक आई-10 कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उन्होंने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया कि वारदात में मुंबई पुलिस का एक एएसआई भी शामिल था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल सिंह, निवासी सूरत गुजरात और मूल निवासी प्रतापगढ़, बीरल पटेल, निवासी अहमदाबाद गुजरात और नरेश गिरि, निवासी गुजरात के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ ठाणे ग्रामीण महाराष्ट्र के शहापुर थाने में मुकदमा दर्ज है और वे तभी से फरार चल रहे थे। बोलेरो से 61.50 लाख रुपये लूटे थे एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका चोरी और लूटपाट करने वाला एक सक्रिय गिरोह है। इसी गिरोह ने 23/24 अगस्त की रात मुंबई-आगरा हाईवे पर गोविंद की बोलेरो गाड़ी से 61 लाख 50 हजार रुपये लूटे थे। आरोपियों ने बताया कि लूट की रकम को गिरोह के सदस्यों ने आपस में बांट लिया था। इस मामले में शहापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। महाराष्ट्र पुलिस को जांच के दौरान आरोपियों के प्रयागराज में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र पुलिस ने यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगा। ठाणे ग्रामीण जिले के कसारा थाने में तैनात पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने एक और चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने बताया कि राजेश सविता नाम का एएसआई, जो महाराष्ट्र के ठाणे ग्रामीण जिले के कसारा थाने में तैनात बताया गया है, भी गिरोह में शामिल था। आरोपियों के अनुसार, राजेश सविता और अन्य साथियों के साथ मिलकर ही हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। हालांकि, एएसआई के गिरोह में शामिल होने और लूट की वारदात में उसकी भूमिका के संबंध में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है। ऐसे पकड़े गए तीनों आरोपी महाराष्ट्र पुलिस से सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने अभिसूचना जुटाई। बुधवार को एसटीएफ को आरोपियों के सरायइनायत क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद यूपी एसटीएफ और ठाणे ग्रामीण की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने अंदावा चौराहे के पास श्री भोजनालय में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी दोपहर करीब एक बजे हुई। प्रयागराज कोर्ट से लिया जा रहा ट्रांजिट रिमांड गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को थाना सरायइनायत में दाखिल किया गया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रयागराज की अदालत में पेश किया। महाराष्ट्र पुलिस आरोपियों का ट्रांजिट रिमांड लेने की कार्रवाई कर रही है, ताकि उन्हें महाराष्ट्र ले जाकर लूट के मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Read full article on Bhaskar