crime
मेहंदी लगा रही महिला और पति पर हमला:मेरठ में पड़ोसी और उसके साथ आए लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा, घटना सीसीटीवी में कैद
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की नगला ताशी स्थित कृष्णानगर कॉलोनी में करवा चौथ के दौरान एक महिला और उसके पति पर हमला हुआ। बृहस्पतिवार शाम महिला दुकान पर मेहंदी लगा रही थी। आरोप है कि पड़ोसी और उसके साथ आए लोगों ने दोनों को लाठी-डंडों से पीटा। घटना सीसीटीवी में कैद हुई। कृष्णानगर कॉलोनी की रहने वाली कोमल सिलाई की दुकान चलाती हैं। उनके पति सचिन भी दुकान पर काम करते हैं। कोमल के मुताबिक, करवा चौथ के चलते बृहस्पतिवार शाम दुकान पर कुछ महिलाएं मेहंदी लगवाने आई थीं। इसी दौरान पड़ोसी ऋतुराज अपनी पत्नी मोनिका और तीन-चार अन्य लोगों के साथ दुकान पर पहुंचा। कोमल का आरोप है कि आते ही लोगों ने उनके और सचिन के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों को लाठी-डंडों से पीटा गया। कोमल मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन कोई उन्हें बचाने नहीं आया। हमले में दोनों घायल हो गए। कोमल के मुताबिक, आरोपियों ने दुकान में रखा सामान तोड़ दिया। जाते समय दुकान की कुर्सियां, बाहर लगा बोर्ड और काउंटर भी तोड़ दिया। उन्होंने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के समय दुकान पर मौजूद महिलाएं घबरा गईं। कोमल ने कंकरखेड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। उनका आरोप है कि घटना के बाद पुलिस मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंची। वह थाने और नगला ताशी चौकी के चक्कर लगा रही हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar