politics
‘मेरे पास 5 गाय हैं, और पालना चाहती हूं...’:लखनऊ में पूनम की बात सुन CM योगी ने अफसरों को मदद करने का निर्देश दिया
सीएम योगी के जनता दर्शन में सोमवार को सीतापुर की पूनम देवी अपने परिवार को गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनाने की इच्छा लेकर पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और उनके पास और गोवंश रखने के लिए पर्याप्त जगह भी है। पूनम ने सरकार से कुछ और गाय उपलब्ध कराने की मांग की। पूनम की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने तत्काल अपर मुख्य सचिव पशुधन को निर्देश दिए कि पूनम को नियम के अनुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना का लाभ दिलाकर गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराने को कहा। पूनम बोलीं- आत्मनिर्भर बनाना चाहती हूं सीतापुर के हरगांव क्षेत्र स्थित गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। गोवंश पालकर दूध आदि की बिक्री से परिवार की आय बढ़ाना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। मन से गोसेवा करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने गोसेवा के महत्व का उल्लेख किया। कहा कि इससे जुड़ी आस्था लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा देती है। दिव्यांग ने की जमीन पर कब्जे की शिकायत जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति भी अपनी शिकायत लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचा। उसने बताया कि उसकी जमीन पर किसी ने अवैध कब्जा कर लिया है। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और शिकायत के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में आने वाले लोगों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। महिला ने घर में घुसकर मारपीट की शिकायत की हरगांव क्षेत्र की निशा पांडेय ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर 13 अगस्त की रात घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि रात करीब 10 बजे कुछ लोग उनके घर में घुसे और उनके पिता के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पर उसके और उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई। निशा ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दोनों बहनों के कपड़े फाड़े, चोट पहुंचाई। महिला के मुताबिक घटना के बाद उसने 13 अगस्त को हरगांव थाने में लिखित शिकायत दी थी और मेडिकल जांच भी कराई गई थी। महिला ने कहा- थाने में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई निशा ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि मेडिकल रिपोर्ट थाना हरगांव में जमा कर ली गई, लेकिन उसकी कॉपी नहीं दी गई। महिला ने परिवार को दोबारा मारपीट या किसी अप्रिय घटना का डर होने की बात भी कही। महिला का दावा है कि घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप भी उसने थानाध्यक्ष को दिखाई थी। उसने मुख्यमंत्री से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar