crime
मिर्जापुर में चलती ट्रेन से गिरा यात्री:महिला हेड कांस्टेबल ने बचाई जान, ड्यूटी पर न होने के बावजूद किया बचाव
मिर्जापुर में रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरे एक यात्री की जान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला हेड कांस्टेबल गायत्री पासवान ने बचाई। ड्यूटी पर न होने के बावजूद सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं और घायल यात्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। यह घटना शुक्रवार, 21 अगस्त को हुई। सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस मिर्जापुर स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी एक यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। यात्री डाउन रेलवे ट्रैक के बीच गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। यह पूरा मामला आरपीएफ के ऑपरेशन ‘जीवन रक्षा’ से जुड़ा है। घटना के समय आरपीएफ पोस्ट मिर्जापुर में तैनात हेड कांस्टेबल गायत्री पासवान ड्यूटी पर नहीं थीं। वह पीटी परेड के लिए अपने क्वार्टर से निकलकर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। घायल यात्री के बारे में सूचना मिलते ही वह तत्काल होम सिग्नल के पास डाउन लाइन पर पहुंच गईं। मौके पर पहुंचने पर गायत्री पासवान ने देखा कि घायल यात्री ट्रैक के बीच पड़ा है। इसी दौरान डाउन लाइन से आने वाली ट्रेन के लिए सिग्नल ग्रीन हो चुका था। खतरे को भांपते हुए उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए घायल यात्री को तत्काल ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायल यात्री की पहचान 20 वर्षीय नितेश पासवान के रूप में हुई है। वह बिहार के सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र के शिखंडी बीटा गांव का निवासी है। नितेश बरौनी से सूरत की यात्रा कर रहा था। घटना की सूचना अधिकारियों को दी गई। इसके बाद आरपीएफ कर्मियों ने घायल यात्री को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। साथ ही, उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। आरपीएफ के अनुसार, महिला हेड कांस्टेबल गायत्री पासवान का साहस, त्वरित निर्णय और मानवीय संवेदनशीलता ऑपरेशन ‘जीवन रक्षा’ के तहत सराहनीय और अनुकरणीय है। उनके तत्काल हस्तक्षेप से एक अमूल्य मानव जीवन की रक्षा हो सकी।
Read full article on Bhaskar