politics
मेरठ के प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की मांग:भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले संयुक्त व्यापार संघ उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रभावित मेरठ के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष तरुण कुमार गुप्ता ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। जिसमें उन्होंने मेरठ के व्यापारियों की वर्तमान स्थिति, आजीविका और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों से उन्हें अवगत कराया। तरुण गुप्ता ने नितिन नवीन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पत्र भी सौंपा। इसमें प्रभावित व्यापारियों की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री से व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के लिए समय दिलाने का अनुरोध किया गया। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार के समन्वय से व्यापारियों की समस्या का व्यावहारिक समाधान निकालने और प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की दिशा में पहल करने की मांग की गई। तरुण गुप्ता के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह जल्द ही इस विषय पर केंद्र सरकार के स्तर पर चर्चा करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री से व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के लिए समय दिलाने का प्रयास करने की बात कही। तरुण गुप्ता ने कहा कि व्यापारी न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हैं और कानून का पालन चाहते हैं। हालांकि वर्षों से कारोबार कर रहे जिन व्यापारियों की दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है, उनके भविष्य और पुनर्वास की चिंता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मेरठ का विकास हो, शहर व्यवस्थित हो और कानून का सम्मान हो, लेकिन विकास की प्रक्रिया में वर्षों से व्यापार कर रहे व्यापारी और उनके परिवार भी सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि व्यापारी को उजाड़कर नहीं, बल्कि उसे साथ लेकर समाधान निकालना होगा।
Read full article on Bhaskar