top
मेरठ के सेंट्रल मार्केट प्रकरण में फिर शुरू हुआ जनसंपर्क:15 सितंबर को महाआरती के बाद आंदोलन की रणनीति बनेगी
मेरठ में सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को शास्त्रीनगर सेक्टर-2 स्थित महिलाओं के धरना स्थल पर प्रभावित परिवारों, व्यापारियों और समिति सदस्यों की बैठक हुई। इसमें आंदोलन की आगे की दिशा और रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन के अध्यक्ष रवींद्र गुर्जर ने की। उन्होंने कहा कि एल ब्लॉक, जागृति विहार सहित प्रदेश के अन्य स्थानों पर हो रही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के खिलाफ लोगों को एकजुट रहना होगा। उन्होंने अधिकारियों और न्यायपालिका से सद्बुद्धि की कामना करते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही। रवींद्र गुर्जर ने बताया कि 15 सितंबर को शाम 6 बजे मंशा देवी मंदिर, जागृति विहार मेडिकल में बड़ी संख्या में लोग और महिलाएं एकत्र होंगे। यहां महाआरती के बाद आगामी आंदोलन की रणनीति को लेकर बैठक की जाएगी। इसके बाद अगले सप्ताह माधवपुरम में भी बैठक आयोजित करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि आंदोलन में यदि 5 से 10 हजार लोगों की भीड़ जुटती है तो राजनीतिक दलों के नेता भी आंदोलन के साथ आने के लिए मजबूर होंगे और मुख्यमंत्री तक भी इसका संदेश पहुंचेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन आंदोलनकारियों की ओर से उठाई गई मांगों पर कार्रवाई कर रहा है और आने वाले दिनों में प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय भी दिया जा सकता है। बैठक में आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना का भी जिक्र किया गया। गुर्जर ने बताया कि वह खुराना के घर गए थे और उन्होंने भी आंदोलन की मांगों से सहमति जताते हुए साथ आने का आश्वासन दिया है। आंदोलन समिति ने प्रभावित परिवारों, व्यापारियों और महिलाओं से 15 सितंबर को मंशा देवी मंदिर पहुंचकर महाआरती में शामिल होने और आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने वाली बैठक में भाग लेने की अपील की।
Read full article on Bhaskar