top
मुरादाबाद सर्किट हाउस में नमाज:सपा विधायक के चाचा पर उठे सवाल, हिंदू संगठन ने कार्रवाई की मांग की
मुरादाबाद में बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फईम के चाचा और सपा जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद उस्मान का सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उस्मान सर्किट हाउस परिसर में नमाज अदा करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो उनके ही एक समर्थक ने बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसके बाद मामला चर्चा में आ गया है और हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है। राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने सर्किट हाउस में नमाज पढ़े जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी सामाजिक संगठनों को बैठक के लिए सर्किट हाउस में जगह देने में आनाकानी करते हैं, तो फिर यहां नमाज पढ़ने की अनुमति कैसे दी गई। रोहन सक्सेना ने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि मोहम्मद उस्मान को किस हैसियत से सर्किट हाउस परिसर में स्थान दिया गया था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या किसी विधायक के रिश्तेदार को सरकारी भवन में इस तरह की अनुमति देने का कोई नियम है। राष्ट्रीय बजरंग दल ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। सपा कार्यकर्ता ने ही बनाया वीडियो इस पूरे मामले में खास बात यह है कि वायरल वीडियो किसी विपक्षी नेता या बाहरी व्यक्ति ने नहीं बनाया, बल्कि सपा के ही एक कार्यकर्ता ने इसे रिकॉर्ड किया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। वीडियो सामने आने के बाद से इसे लगातार शेयर किया जा रहा है। मोहम्मद उस्मान बिलारी विधायक मोहम्मद फईम के चाचा होने के साथ सपा के जिला उपाध्यक्ष भी हैं। वह पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। अब सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर दो पक्षों में बहस वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत आस्था का मामला बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग सरकारी परिसर में धार्मिक गतिविधि और उसके वीडियो के प्रचार को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सपा के स्थानीय नेतृत्व या मुरादाबाद जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने की अनुमति दी गई थी या नहीं।
Read full article on Bhaskar