top
मधेपुरा में 1510 बोतल नशीली कफ सिरप पकड़ी:सहरसा के तरफ से लाई जा रही थी, नालंदा-पटना के 2 तस्कर अरेस्ट; कार जब्त
मधेपुरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1510 बोतल कोडिनयुक्त नशीली कफ सिरप के साथ अंतरजिला गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनएच-107 पर मठाही रेलवे ढाला के पास की गई। सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सहरसा की ओर से एक चार पहिया वाहन में भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप मठाही की ओर ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मठाही रेलवे ढाला से पहले एमएस ईंट भट्ठा के पास एनएच-107 पर वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान सहरसा की ओर से आ रही एक मारुति सुजुकी कार के चालक की नजर पुलिस पर पड़ी। चालक ने वाहन को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के छतरपुर वार्ड-7 निवासी परमात्मा कुमार (26) और पटना जिले के एनटीपीसी बाढ़ थाना क्षेत्र के राइस वार्ड-12 निवासी कौशल चन्द्रा (30) के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष बोले-मामले की जांच जारी वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी आठ बोरियों से कुल 1,510 बोतलें नशीली कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी कार को भी जब्त कर लिया है। इस छापेमारी टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार के साथ कन्हैया कुमार, डीआईयू टीम और थाना सशस्त्र बल के सदस्य शामिल थे।
Read full article on Bhaskar