crime
मांवली-माता मंदिर से 95 हजार के चांदी के आभूषण चोरी:बेमेतरा में अज्ञात चोरों ने शटर काटकर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
बेमेतरा के नगर पंचायत मारो के वार्ड क्रमांक 15 स्थित मांवली माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 95 हजार रुपए कीमत के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरों ने मंदिर के गर्भगृह का शटर काटकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता शुक्रवार सुबह मंदिर के पुजारी को चला। जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी नूतन गोस्वामी 20 अगस्त की शाम करीब 7 बजे महाआरती के बाद मंदिर में ताला लगाकर अपने घर चले गए थे। अगले दिन, 21 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे जब वे मंदिर पहुंचे, तो मुख्य गेट खोलने के बाद अंदर गर्भगृह का शटर कटा हुआ मिला। मंदिर में चोरों ने उड़ाए चांदी के जेवर जांच करने पर पता चला कि मांवली माता, बजरंग बली और भैरव बाबा की प्रतिमाओं पर चढ़े चांदी के आभूषण गायब थे। चोरी हुए सामान में मांवली माता के दो चांदी के मुकुट, एक छत्र, एक करधन, 7 नग चांदी के रुपए और दो कुंडल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, बजरंग बली और भैरव बाबा के चांदी के मुकुट भी चोरी हो गए। इन सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 95 हजार रुपए बताई गई है। पुजारी नूतन गोस्वामी ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और मंदिर का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Read full article on Bhaskar