top
मेडिकल कॉलेज में अनियमितता पर बुंदेलखंड विकास सेना का प्रदर्शन:संगठन प्रमुख बोले- डीन से नहीं संभल रहा कॉलेज, बायोमेट्रिक अटेंडेंस की मांग
ललितपुर में रविवार दोपहर दो बजे बुंदेलखंड विकास सेना ने मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कॉलेज में फैली अनियमितताओं और डीन की कथित खराब कार्यप्रणाली को लेकर था। संगठन ने स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति और स्टाफ के ठीक से काम न करने पर चिंता जताई। यह प्रदर्शन कंपनी बाग में किया गया। संगठन प्रमुख टीटू कपूर ने बताया कि ललितपुर मेडिकल कॉलेज के डीन पहले शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज से अनियमितताओं के चलते बर्खास्त किए जा चुके थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन डीन ने बाद में ललितपुर मेडिकल कॉलेज में अपनी नियुक्ति करा ली। टीटू कपूर ने कहा कि ऐसे विवादास्पद और अयोग्य व्यक्ति ललितपुर के मेडिकल कॉलेज को कैसे संभाल सकते हैं, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ललितपुर का राजकीय मेडिकल कॉलेज अव्यवस्था का गढ़ बन गया है। यहां उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से कई डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ ड्यूटी से गायब रहते हैं, लेकिन पूरा वेतन लेते हैं। टीटू कपूर ने बताया कि गायब रहने वाले स्टाफ कई दिनों के हस्ताक्षर एक साथ कर देते हैं, और कुछ तो आने वाले दिनों के भी एडवांस में हस्ताक्षर कर देते हैं। दो महीने की लोकेशन ट्रेस करने की भी मांग संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि आने वाले समय में ललितपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए बायोमेट्रिक और फेस स्क्रीनिंग अटेंडेंस सिस्टम लागू किया जाए। इससे अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों पर रोक लगाई जा सकेगी। उन्होंने मैनुअल अटेंडेंस पर तुरंत रोक लगाने और ड्यूटी पर रहने वाले स्टाफ की दो महीने की लोकेशन ट्रेस करने की भी मांग की। प्रमुख टीटू कपूर ने इमरजेंसी वार्ड की खराब हालत पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वहां डॉक्टरों और स्टाफ में मानवीय संवेदनाएं खत्म हो गई हैं। मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और जांच के नाम पर टालमटोल की जाती है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि ललितपुर मेडीकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में पिछले दिनों मरीजों की जांच करके यह पता लगाया जाये कि जिन मरीजों को पिछले दिनों रिफर किया गया है क्या वो वास्तव में रिफर योग्य थे कि नहीं। इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ता कादिर खां ,मोहम्मद फहीम , राजकुमार कुशवाहा , भईयन कुशवाहा , फूलचंद रजक , गफूर पेंटर , ग्यासी कुशवाहा , अंकित जैन , प्रेम शंकर गुप्ता , बालचंद , रामसहाय राठौर , प्रकाश साहू , मुन्ना त्यागी , जगदीश झा, रामप्रकाश झा , अमित जैन , हरगोविंद परिहार आदि उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar