politics
मऊगंज ई-पोर्टल पर प्रजापति जाति का नाम फिर दिखा:छात्रों को मिलेंगे जाति प्रमाण पत्र, नए जिले के रिकॉर्ड में जाति का नाम गायब था
मऊगंज जिले के प्रजापति (कुम्हार) समाज को लंबे समय से चली आ रही जाति की परेशानी से राहत मिल गई। मध्यप्रदेश ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर अब कुम्हार/प्रजापति समाज का नाम फिर से दिखने लगा है, जिससे समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र बनने का रास्ता साफ हो गया है। पोर्टल पर नाम न होने से हजारों छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति, पढ़ाई और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कत हो रही थी। यह समस्या 13 अगस्त 2023 को मऊगंज के रीवा से अलग होकर नया जिला बनने के बाद खड़ी हुई थी। रीवा जिले में कुम्हार समाज अनुसूचित जाति (SC) की सूची में 35वें नंबर पर दर्ज था, लेकिन नए जिले के रिकॉर्ड की मैपिंग न हो पाने से पोर्टल पर जाति का नाम ही गायब हो गया था। नेताओं और प्रशासन के प्रयास से सुलझा मामला मामले को लेकर अखिल भारतीय कुम्हार महासभा के जिला अध्यक्ष राममिलन प्रजापति लगातार आवाज उठा रहे थे। देवतालाब विधायक गिरीश गौतम और मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति ने भी इसे सरकार के सामने रखा। वहीं मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने शासन स्तर पर लगातार पत्राचार किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ध्यान देते ही ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर मऊगंज जिले में भी कुम्हार समाज को अनुसूचित जाति की सूची में 35वें नंबर पर शामिल कर लिया गया। कलेक्टर का जताया आभार समस्या का समाधान होने पर मंगलवार शाम भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मिश्र और राममिलन प्रजापति ने कलेक्टर संजय कुमार जैन से मुलाकात कर उन्हें फूल देकर धन्यवाद दिया। राममिलन प्रजापति ने कहा कि पोर्टल पर नाम आने से हजारों युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है और समाज को बड़ी राहत मिली है।
Read full article on Bhaskar