business
नकली चेन बेचने में बाप-बेटे पर FIR:कानपुर में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर बना रहे थे, लाटूश रोड दुकान में छापा मारकर स्टॉक बरामद
कानपुर में लकड़ी काटने वाली मशीन की चेन के नाम पर नकली चेन बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर 331 पीस चेन बरामद की हैं। पुलिस ने ट्रेडमार्क अधिनियम में रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू की है। मामला अनवरगंज थानाक्षेत्र के लाटूश रोड स्थित दुकान का है। ज्योति इंडस्ट्रियल कारपोरेशन और मिल्स स्टोर में मिली चेन पंजाब के हार्ट खरल निवासी मनीष जिंदल ने पुलिस को बताया कि एक नामी चेन कंपनी ने उन्हें उनकी कंपनी के ब्रांड के नाम पर नकली या मिलते-जुलते मार्के वाले सामान की बिक्री व आपूर्ति के खिलाफ पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई कराने के लिए अधिकृत किया है। बुधवार को शहर में सर्वे के दौरान उन्हें लाटूश रोड स्थित ज्योति इंडस्ट्रियल कार्पोरेशन व ज्योति मिल्स स्टोर में उनकी कंपनी के नाम पर नकली चेन बेचे जाने की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने अनवरगंज पुलिस की मदद से टीम गठित कर लाटूश रोड स्थित दुकान पर छापा मारा, जहां तुषार मेहता और बेटे रिषभ मेहता मिले। ट्रेडमार्क अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज तलाशी के दौरान दुकान से नामी चेन कंपनी के नाम पर कुल 331 पीस चेन मिलीं। शिकायतकर्ता ने बरामद चेन की जांच कर उन्हें नकली बताया। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधि की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ ट्रेडमार्क अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
Read full article on Bhaskar