crime
नपा की बैठक में सत्तापक्ष पार्षदों ने अध्यक्ष को घेरा:कचरा संग्रहण ठेके पर देने सहित 14 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
बालाघाट में गुरुवार को नगरपालिका परिषद की बैठक में सत्तापक्ष के पार्षदों ने नपाध्यक्ष को घेरा। पार्षदों ने वार्डों में काम न होने, बैठकों में सवालों के जवाब न मिलने और पार्षद की अवहेलना जैसे मुद्दों पर तीखे सवाल उठाए। बैठक में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य ठेके पर देने सहित 14 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। सत्ताधारी परिषद के पार्षदों सुधीर चिले, श्वेता जैन और राज हरिनखेड़े ने बैठक में रखे जाने वाले प्रस्तावों और मुद्दों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्डों में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ये मुद्दे भी उठे मनोनीत पार्षद विशाल मंगलानी ने झूलेलाल मार्केट (गुजरी चौक) के व्यापारियों की पट्टों की लंबित मांग को दोहराया और इसके शीघ्र निराकरण की बात कही। कांग्रेस पार्षद आशुतोष डहरवाल ने विधायक और अध्यक्ष के निर्देशों के बावजूद इंजीनियरों और सुपरवाइजरों द्वारा काम न करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वार्ड की टूटी पुलिया के सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। डहरवाल ने यह भी बताया कि वार्ड में बिजली सुपरवाइजर न होने के कारण उन्हें रात में घूमकर बंद खंभों की बिजली देखनी पड़ती है। परिषद में नगरपालिका स्कूल के सामने बनाई गई 10 दुकानों में से कुछ दुकानों की एकल निविदा पर पार्षदों ने नाराजगी जताई और पुनः निविदाएं आमंत्रित करने की मांग की। घर-घर कचरा संग्रहण का काम ठेकेदार को देने के प्रस्ताव पर सत्तापक्ष और विपक्षी पार्षदों ने हंगामा किया। हालांकि, बाद में एजेंसी के काम को दो महीने तक देखने पर सहमति बनी। इन प्रस्तावों को किया पास नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने बताया कि गुरुवार की बैठक में लाए गए सभी 14 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर लिए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से घर-घर कचरा संग्रहण को ठेकेदारी में देने और नगरपालिका स्कूल के सामने बन रही दुकानों के लिए रखी गई निविदाओं को स्वीकृत करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, चौपाटी और हनुमान मंदिर के पीछे नगरपालिका की कुछ दुकानों की बकाया राशि 10 दिनों में जमा कराने और ऐसा न करने पर दुकान आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई का प्रस्ताव भी लिया गया।
Read full article on Bhaskar