politics
नेपानगर के 3 मंडलों में एक साथ निकली तिरंगा यात्रा:विधायक मंजू दादू ने किया नेतृत्व; राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया
बुरहानपुर के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। विधायक मंजू राजेंद्र दादू के नेतृत्व में खकनार, दर्यापुर और डोईफोड़िया मंडल में एक साथ यात्राएं हुईं। इनमें युवा, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण शामिल हुए। खकनार मंडल में तिरंगा यात्रा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से शुरू हुई। यह सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा होते हुए पुलिस थाना खकनार तक पहुंची। दर्यापुर मंडल में यात्रा लक्ष्मी माता मंदिर से शुरू होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए माध्यमिक विद्यालय तक गई। डोईफोड़िया मंडल में ग्राम सिरपुर में शिव मंदिर से राम मंदिर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्राओं में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम्' और 'हर घर तिरंगा' के नारे लगाए। कई स्थानों पर मानव श्रृंखला बनाकर घरों पर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया। मां भारती और टंट्या मामा की झांकी निकली तिरंगा यात्राओं में मां भारती और जननायक टंट्या मामा की घोड़े पर सवार झांकी भी शामिल रही। तुरकगुराड़ा स्कूल में 400 से ज्यादा विद्यार्थियों ने निकाली रैली इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक व उच्चतर विद्यालय तुरकगुराड़ा में भी तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने रैली में हिस्सा लिया। रैली में विद्यालय के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज थामकर भाग लिया। डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में किसी पद या सफलता से पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अच्छे विचार और श्रेष्ठ कार्य ही व्यक्ति को महान बनाते हैं।
Read full article on Bhaskar