crime
नर्मदापुरम में ग्रामीण अंचलों में रेत-मिट्टी के वाहनों पर कार्रवाई:शहर में बेधड़क दौड़ रहीं अवैध रेत ट्रालियां, खनिज-पुलिस मौन
नर्मदापुरम जिले के ग्रामीण अंचलों में रेत, मिट्टी और गिट्टी के अवैध परिवहन पर खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस की कार्रवाई जारी है, लेकिन नर्मदापुरम शहर में बिना रॉयल्टी रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आने-जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बांद्राभान, माखननगर रोड और बीटीआई क्षेत्र से रोजाना ऐसी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां शहर में पहुंच रही हैं, लेकिन इनकी नियमित चेकिंग नहीं हो रही। इससे शासन को राजस्व नुकसान होने के साथ जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सख्ती, शहर में ढील दूसरी तरफ खनिज विभाग की टीम ग्रामीण थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर रही है। शिवपुर खनिज टीम ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी। थाना शिवपुर में खड़ी कर चोरी का प्रकरण दर्ज किया। सोहागपुर : दो डंपर पकड़े - डंपर क्रमांक RJ 17 GB 4853 गिट्टी का अवैध उत्खनन, डंपर क्रमांक MP 04 HE 5344 मुरम का अवैध परिवहन। एक डंपर को माखननगर थाने और दूसरे को सोहागपुर थाने में खड़ा कराया। इटारसी और रामपुर:थाना पुलिस ने एक-एक ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी। सभी वाहनों पर मध्य प्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान खनिज निरीक्षक बसंत पाटिल, प्रभारी खनिज निरीक्षक कृष्ण कांत परस्ते और खनिज सिपाही हेमंत राज मौजूद रहे। मामले में खनिज निरीक्षक बसंत पाटिल ने कहा जिलेभर में अवैध वाहनों पर कार्रवाई चल रही है। शहर में भी चेकिंग कर बिना रॉयल्टी वाले वाहनों पर कार्रवाई करेंगे।
Read full article on Bhaskar