crime
नर्मदापुरम में शराब तस्कर के गुर्गे को पुलिस ने पकड़ा:पुलिस ने दो किमी किया पीछा, 25 हजार की शराब जब्त; मुख्य आरोपी फरार
नर्मदापुरम देहात थाना पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में आरोपी लखन उर्फ लक्की जाटव (21) को गिरफ्तार किया है। वह कुख्यात शराब तस्कर नितेश कुचबंदिया के कहने पर शराब लेकर जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से दो पेटी बीयर और चार पेटी देशी शराब जब्त की है। शराब की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने स्कूटी भी जब्त की है। देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले कपड़े पहने और लंबे बाल वाला युवक स्कूटी से अवैध शराब लेकर बड़ी पहाड़िया की ओर आ रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक सुखनंदन नर्रे, सउनि प्रवीण शर्मा, प्रधान आरक्षक नवीन दुबे, राजेश जैन, महेंद्र सिंह धुर्वे, जितेंद्र राजपूत और कपिल विश्वकर्मा को भेजा गया। कुछ देर बाद डबल फाटक की तरफ से बड़ी पहाड़िया की ओर स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर युवक बगल के रास्ते से भागने लगा। पुलिस टीम ने करीब दो किलोमीटर तक उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बोरियों में रखी मिली बीयर और देश शराब पुलिस ने स्कूटी पर रखी बोरियों की तलाशी ली। इनमें दो पेटी बीयर और चार पेटी देशी शराब मिली। पूछताछ में लखन जाटव ने बताया कि वह नितेश कुचबंदिया निवासी खोजनपुर के कहने पर अलग-अलग शराब दुकानों से शराब इकट्ठा कर उसे बेचने के लिए नर्मदापुरम ले जा रहा था। पुलिस ने लखन जाटव और नितेश कुचबंदिया को आरोपी बनाया है। नितेश फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। नितेश पर 22 अपराध दर्ज पुलिस के अनुसार, नितेश कुचबंदिया निवासी कचरापट्टी खोजनपुर रिकॉर्डशुदा बदमाश है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में शराब तस्करी, हत्या के प्रयास, चोरी, शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट समेत 22 अपराध दर्ज हैं। इनमें आबकारी अधिनियम के 8, हत्या के प्रयास के 2, गृह भेदन के 2, शासकीय कार्य में बाधा का 1 और मारपीट के 9 प्रकरण शामिल हैं।
Read full article on Bhaskar