top
नदी में डूबे बच्चे, एक की मौत:रक्षाबंधन पर आया था, बरेली में 24 घंटे बाद मिला शव
बरेली में रक्षाबंधन पर रिश्तेदार के घर आए एक बच्चे की नदी में डूबने से मौत हो गई। हाफिजगंज क्षेत्र के सुनौर गांव के पास कैलाश-पनघेली नदी में नहाते समय तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए थे। ग्रामीणों ने दो बच्चों को बचा लिया, जबकि 13 वर्षीय शिवांशु तेज बहाव में बह गया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद रविवार को उसका शव बरामद हुआ। निरंदापुर निवासी 13 वर्षीय शिवांशु रक्षाबंधन पर सुनौर निवासी सुभाष के घर मेहमानी में आया था। उसके साथ मुड़िया जगरूप निवासी 9 वर्षीय रामवीर भी था। शनिवार दोपहर सुभाष, शिवांशु और रामवीर कैलाश-पनघेली नदी में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों बच्चे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर सुभाष और रामवीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, शिवांशु का कुछ पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने गोताखोरों की मदद से शिवांशु की तलाश शुरू कराई। शनिवार को कई घंटे तक नदी में तलाश के बावजूद शिवांशु नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई और बाद में नदी से शिवांशु का शव बरामद कर लिया गया। शिवांशु की मौत की खबर घर पहुंचते ही रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Read full article on Bhaskar