top
नावों के अवैध परिचालन पर रोक लगाने के निर्देश
भास्कर न्यूज | मड़ैया लोक आस्था के महापर्व छठ और आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और परबत्ता अंचल अधिकारी हरिनाथ राम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के चार प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया गया। मौके पर पुलिस बल और आपदा मित्रों की टीम भी मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तेमथा करारी पंचायत स्थित काली मंदिर परिसर और अगुवानी घाट का जायजा लिया। अगुवानी घाट पर गंगा के जलस्तर और घाटों की ढलान की जांच कर खतरनाक एवं गहरे स्थानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और छठ के दौरान नावों के अवैध परिचालन पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा। इसके बाद दोनों अधिकारी जोरावरपुर पंचायत के गौरियासी स्थित प्रसिद्ध सूर्य मेला स्थल पहुंचे। यहां मेले की बुनियादी सुविधाओं, सांस्कृतिक मंच और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही जोरावरपुर स्थित सीढ़ी घाट की व्यवस्थाएं भी परखी गईं। अधिकारियों ने घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, मेला समिति के स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों के बीच समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। पंचायत प्रतिनिधियों को घाटों और पहुंच मार्गों की युद्धस्तर पर सफाई कराने तथा रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
Read full article on Bhaskar