politics
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ:संभल में सीडीओ बोले- नशा मुक्त समाज ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला
संभल के बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम की थीम ‘विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम’ रही। कार्यक्रम में अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से दीदी प्रकाशमणि जी की स्मृति में चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान के तहत आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद बहजोई के अध्यक्ष राजेश शंकर राजू समेत बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया। आत्मचिंतन और ध्यान से मन को एकाग्र करने का अभ्यास ब्रह्माकुमारी संस्थान की कुमारी कुसुम दीदी ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नशे की लत से बचने और इससे बाहर निकलने के उपाय बताए। प्रतिभागियों को आत्मचिंतन और ध्यान के माध्यम से मन को एकाग्र करने का अभ्यास भी कराया गया। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। नशे के खिलाफ परिवार और समाज में चर्चा जरूरी मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने कहा कि नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए परिवार और समाज में भी लगातार चर्चा और जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला बन सकता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत से युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित होता है और व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। सीडीओ ने छात्र-छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। पोस्टर-बैनर से भी जागरूकता पर जोर नगर पालिका अध्यक्ष राजेश शंकर राजू ने नशे को समाज के लिए हानिकारक लत बताते हुए इससे मुक्ति के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई। उन्होंने पोस्टर, बैनर और होर्डिंग के माध्यम से आमजन को जागरूक करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। इसके बाद ब्रह्माकुमारी संस्थान की दीदियों ने सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश शंकर राजू और जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार को राखी बांधी। इस दौरान भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
Read full article on Bhaskar