top
Odisha: पुरी में गांजा बरामद करने पहुंची पुलिस को मिला नोटों का बंडल, 183 किलो गांजा समेत 64 लाख रुपये जब्त
Odisha News: ओडिशा के पुरी जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पेंठकटा मरीन पुलिस ने एक किराए के मकान में छापेमारी कर 183 किलोग्राम गांजा, 64 लाख 60 हजार रुपये नकद, 75 ग्राम सोने के आभूषण और 150 ग्राम चांदी बरामद की है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, पेंठकटा मरीन थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के साथ ही बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती धातुओं के आभूषण भी मिले. गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस पुलिस ने इस मामले में कार्तिक सामंतराय (56) और देवेंद्र कुमार साहू (55) को हिरासत में लिया है. दोनों पुरी के तालबनिया थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था. बरामद ₹64.60 लाख नकद को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है कि इसका गांजा कारोबार से क्या संबंध है. पुलिस को आशंका है कि बरामद गांजा किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. इसी वजह से मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने गांजा रखने और सप्लाई करने के लिए अन्य स्थानों पर कोई ठिकाना या डिपो बना रखा था या नहीं. करीब 13 करोड़ रुपये का गांजा हुआ था बरामद वहीं, हाल ही में 9 अगस्त 2026 में सोनपुर जिले में भी गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. सुबालय थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक लावारिस छोड़े गए ट्रक से 12.5 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई गई है. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही ट्रक चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी खेप के पीछे कौन सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय था और गांजा कहां पहुंचाया जाना था. ओडिशा में नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है. ‘ड्रग-फ्री ओडिशा’ और नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस द्वारा गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है. पुरी और सोनपुर की ताजा कार्रवाई को इसी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. (ओडिशा से अक्षय महाराणा की रिपोर्ट)
Read full article on Inkhabar