crime
औरैया में पल्लेदार का शव मिला:चार थानों की पुलिस ने की जांच, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
औरैया के बेला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह गांव के बाहर एक पल्लेदार का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान लिधौरा गांव निवासी धर्मवीर (40) के रूप में हुई है। वह पल्लेदारी करके परिवार का खर्च चलाते थे। सुबह शव मिलने की सूचना पर चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। गांव के बाहर शव मिलने से मची हलचल रविवार सुबह लिधौरा गांव के बाहर धर्मवीर का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही बेला के अलावा बिधूना, सहार और एरवाकटरा थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। चार थानों के प्रभारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण मौके पर एरवाकटरा थाना प्रभारी गंगादास गौतम, बिधूना कोतवाल विनेश जादौन, सहार थाना प्रभारी गणेश सिंह और बेला थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव बेला थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए चिचोली भेजा गया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए धर्मवीर धर्मवीर अपने परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी रेनू, बेटी दिव्या और दो बेटे अरुण (10) व अमूल (12) हैं। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
Read full article on Bhaskar