top
औरैया में युवक पर फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार:तमंचा बरामद, आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं चार मुकदमे
औरैया पुलिस ने शहर के रोडवेज बस स्टैंड के पास युवक गोलू दुबे पर हुई फायरिंग के मामले में आरोपी हर्षित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। यह घटना शुक्रवार को रक्षाबंधन के दिन दोपहर तीन बजे हुई थी। गोलू दुबे अपनी बहन को लेकर जा रहे थे, तभी रोडवेज बस स्टैंड के पास किसी विवाद के चलते उन पर फायरिंग की गई। गोली युवक की कनपटी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली औरैया पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी थी और आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। कोतवाली औरैया पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार हर्षित यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी चार अन्य मुकदमे दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह और उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद तमंचे और खोखा कारतूस को कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Read full article on Bhaskar