politics
पिछड़े-अति पिछड़ों पर हमले के खिलाफ यूपी में करेंगे आंदोलन:अनिल जयहिंद बोले- मंत्री को धरना देना पड़ रहा, विधायक के साथ बदसलूकी हो रही
उत्तर प्रदेश में पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ लगातार उत्पीड़न और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिंद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछड़े-अति पिछड़े समाज के लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने गोंडा में निषाद समाज के विनोद सहनी की हत्या, अयोध्या में रामलगन मौर्य की हत्या और मथुरा के वृंदावन में नाविकों के साथ मारपीट का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। जयहिंद ने कहा कि "गोंडा में अपने समाज के व्यक्ति की हत्या के बाद कार्रवाई के लिए सरकार के मंत्री संजय निषाद को ही धरने पर बैठना पड़ा।" उन्होंने कहा कि जब सरकार में शामिल मंत्री को अपने समाज के व्यक्ति के लिए धरना देना पड़े तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल अनिल जयहिंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की बात करती है, लेकिन पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि गोंडा में सोशल मीडिया पर पोस्ट के विवाद में विनोद सहनी की हत्या कर दी गई। वहीं, वृंदावन में नाविकों को मजदूरी देने से इनकार करने और मजदूरी मांगने पर मारपीट का आरोप लगाया गया। जयहिंद ने कहा कि अति पिछड़े वर्ग के लोगों की सुरक्षा के लिए एससी-एसटी एक्ट की तर्ज पर अलग कानून बनाने की मांग कांग्रेस पहले भी उठा चुकी है। मनोज यादव बोले- वृंदावन में नाविकों से मारपीट, अस्पताल में भी हमला कांग्रेस के प्रदेश पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन मनोज यादव ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वृंदावन में नाव चलाने वाले लोगों के साथ मारपीट की गई। घायल अस्पताल पहुंचे तो वहां भी उनके साथ हमला किया गया। मनोज यादव ने आरोप लगाया कि पिछड़े वर्ग के लोगों के खिलाफ घटनाएं बढ़ रही हैं और संगठित अपराध को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी। अयोध्या में रामलगन मौर्य की हत्या का भी मुद्दा उठाया कांग्रेस नेताओं ने 25 अगस्त को अयोध्या में रामलगन मौर्य की गोली मारकर हत्या किए जाने का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि रामलगन को पहले धमकी दी गई थी और उन्होंने सुरक्षा की मांग की थी। कांग्रेस नेताओं ने गोंडा और अयोध्या की घटनाओं को जोड़ते हुए आरोप लगाया कि पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है। जयहिंद ने कहा कि पिछड़ी और अति पिछड़ी जातियों के जो युवा अपनी पहचान और समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इन घटनाओं को एक पैटर्न का हिस्सा बताया। 'मंत्री को धरना देना पड़ रहा तो कानून का राज कहां है?' कांग्रेस नेताओं ने गोंडा मामले में संजय निषाद के धरने का हवाला देते हुए सरकार में शामिल पिछड़े वर्ग के नेताओं की स्थिति पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि प्रदेश में पिछड़े वर्ग की कई पार्टियां सरकार के साथ हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके नेताओं को अपने समाज से जुड़े मामलों में धरना देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस मंत्री को जनता ने चुनकर भेजा है, अगर उसे अपनी ही सरकार में कार्रवाई के लिए धरने पर बैठना पड़े तो आम आदमी की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार में शामिल पिछड़े वर्ग के मंत्री तक अपनी बात नहीं उठा पा रहे जयहिंद ने सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजभर समाज से जुड़े लोगों की मछलीशहर और गाजीपुर में हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। उनका आरोप था कि सरकार में शामिल पिछड़े वर्ग के मंत्री भी अपने समाज के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं करा पा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने सीतापुर से आने वाले मंत्री राकेश राठौर गुरु का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि एफआईआर दर्ज कराने के लिए उन्हें कोतवाली थाने जाना पड़ा। इसी तरह संजय निषाद को धरना देना पड़ा। जबि सत्ता में शामिल पिछड़े वर्ग के जनप्रतिनिधियों को भी अपनी बात रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। तो आम लोगों की क्या हालत होगी। कांग्रेस नेताओं ने मलिहाबाद की विधायक जयदेवी और विधायक सुरेश राही के विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। उनका आरोप था कि सत्ता में होने के बावजूद पिछड़े वर्ग के जनप्रतिनिधि अपने समाज से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से नहीं उठा पा रहे हैं। 'कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे यूपी में आंदोलन' अनिल जयहिंद ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के मुद्दे पर प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि गोंडा, अयोध्या और मथुरा समेत जिन मामलों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिला है, उन्हें आंदोलन में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पिछड़े और अति पिछड़े समाज को लामबंद करेगी और प्रदेश में आंदोलन शुरू करेगी। हीरा ठाकुर बोले- पहले जाति जनगणना हो भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हीरा ठाकुर ने कहा कि पिछड़े और दलित समाज की वास्तविक आबादी का पता लगाने के लिए जाति जनगणना कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आबादी के आंकड़े सामने आने के बाद ही सामाजिक हिस्सेदारी की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी। ठाकुर ने कहा कि जाति जनगणना के मुद्दे को लेकर कांग्रेस आगे कार्यक्रम तैयार करेगी। उन्होंने पिछड़े और दलित समाज की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी का मुद्दा भी उठाया।
Read full article on Bhaskar