crime
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार धान कारोबारी की मौत:मुरादाबाद में धान खरीदने जा रहे थे, चालक फरार; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मुरादाबाद के भगतपुर में मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर ग्राम विलाकूदान के सामने बुधवार सुबह पिकअप की टक्कर से बाइक सवार धान कारोबारी इंतियाज (53) की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पिकअप को कब्जे में ले लिया। धान खरीदने जा रहे थे कारोबारी ग्राम मुंडिया निवासी इंतियाज बुधवार सुबह करीब 8 बजे भोजपुर क्षेत्र के ग्राम सेलाथान में धान खरीदने जा रहे थे। विलाकूदान के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रहे पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर भगतपुर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से इंतियाज की पत्नी इस्लाम जहां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं। तेज रफ्तार वाहनों से हादसों का खतरा स्थानीय लोगों के मुताबिक, टांडा-बाजपुर मार्ग पर डूंगरपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार वाहन हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। चौराहे और आबादी वाले इलाकों में वाहन चालक गति कम नहीं करते। इससे सड़क पार करने वाले राहगीरों और बाइक सवारों को परेशानी होती है। लोगों ने वाहन चालकों से चौराहों और आबादी वाले क्षेत्रों में गति नियंत्रित रखने की अपील की है। साथ ही संबंधित विभाग से यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar