crime
पुल से नीचे गिरी, मासूम की मौत:छतरपुर में मेहंदीपुर बालाजी से लौटते समय हादसा; 6 सदस्य घायल, दो रेफर
छतरपुर का साहू परिवार मेहंदीपुर बालाजी से दर्शन कर लौटते समय गुरुवार को एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। ओरछा थाना क्षेत्र में कैंडी ब्रिज के पास फोरलेन सड़क पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में 10 वर्षीय राहुल साहू की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हो गए। दो गंभीर घायलों को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। छतरपुर शहर की चेतगिरी कॉलोनी निवासी साहू परिवार कार से मेहंदीपुर बालाजी से वापस लौट रहा था। ओरछा थाना क्षेत्र में कैंडी ब्रिज के पास फोरलेन पर अचानक कार अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। 10 साल के मासूम की मौके पर ही मौत दुर्घटना में 10 वर्षीय राहुल साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में जमना साहू (58), उषा साहू (55), ममता साहू (35), शोभा साहू (30), शिवानी साहू (7) और अनवी साहू (3) शामिल हैं। जमना साहू और मुकेश साहू (राहुल के पिता) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन सड़क पर कुछ आवारा मवेशी बैठे थे। कार चालक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए सड़क पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी को मुख्य कारण बताया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फोरलेन पर अक्सर आवारा मवेशी बैठे रहते हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक मवेशी आने से दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने NHAI और सड़क निर्माण कंपनी PNC की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए सड़क से आवारा मवेशियों को हटाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar