top
पुलिस जीप से गिरकर युवक की मौत:थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, लेखपाल-राजस्व निरीक्षक निलंबित
श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र में जमीन पैमाइश के दौरान थाने जाते समय बीते मंगलवार पुलिस वाहन से गिरकर दलित कमलेश नाम के युवक की मौत हो गई। बुधवार को घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। मृतक के भाई की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, एसडीएम इकौना के आदेश पर नायब तहसीलदार आयुष के साथ राजस्व टीम जमीन की पैमाइश करने पहुंची थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गिलौला की महिला और पुरुष पुलिस टीम भी मौजूद थी। सरकारी काम में बाधा डालने पर पांच महिलाओं और एक पुरुष को पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कमलेश ने चलती जीप का गेट खोलकर छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजनों का आरोप है कि जिस जमीन पर निर्माण हो रहा था, वह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। परिवार ने कमलेश को पुलिस वाहन से धक्का दिए जाने का कथित आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप को गलत बताते हुए कहा कि कमलेश ने खुद चलती जीप से छलांग लगाई थी। एडीएम की अध्यक्षता में बनी समिति घटना के बाद गांव में बाहरी लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के आने पर रोक लगा दी गई है। परिवार से मिलने जा रहे भीम आर्मी और बसपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, जिसको लेकर बहस हुई। स्थिति को देखते हुए अभी शव का अंतिम संस्कार नहीं हुआ है और पोस्टमार्टम के बाद शव को मर्चरी में रखा गया है। एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि केशवराम की शिकायत पर विपक्षी सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने शुरुआती लापरवाही मिलने पर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। राजस्व और पुलिस की भूमिका की जांच के लिए एडीएम की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है। गिलौला थानाध्यक्ष आशीष कुमार, सब-इंस्पेक्टर इंद्रदेव पटेल और कांस्टेबल परविंदर कुमार को भी लाइन हाजिर किया गया है। राजेश कुमार गुप्ता को गिलौला का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
Read full article on Bhaskar