crime
पन्ना की मंडला घाटी में 5 घंटे लगा जाम:खराब ट्रक के करीब ओवरटेक में बस फंसी; पुलिस ने संभाला मोर्चा
पन्ना की मंडला घाटी में एक बार फिर भीषण यातायात जाम लग गया। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और सैकड़ों यात्री घंटों सड़क पर फंसे रहे। घाटी के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार, घाटी में एक ट्रक अचानक खराब हो गया, जिससे रास्ता बाधित हो गया। इसके बाद पीछे से आ रही एक बस अनियंत्रित होकर पलटने की स्थिति में आ गई। यात्रियों को बस से सुरक्षित नीचे उतारा गया। ट्रक और बस के आमने-सामने अटक जाने के कारण घाटी में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई। जाम की सूचना मिलते ही मंडला थाना प्रभारी बखत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और राहगीरों के सहयोग से सड़क किनारे के गड्ढों को पत्थरों से भरवाया। क्रेन की मदद से बस को हटाकर कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया गया। मंडला घाटी में बार-बार लगने वाले जाम को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है। क्रेन से बस हटाई थाना प्रभारी बखत सिंह ने बताया कि रात में एक ट्रक खराब होने से सिंगल रास्ता बचा था। वहां से गुजरते समय बस अनियंत्रित हो गई। यात्रियों को सुरक्षित उतारकर क्रेन और जनसहयोग से बस हटाई गई और जाम खुलवाया गया। घाटी में जाम का मुख्य कारण सड़क के दोनों ओर 1 से 1.5 फीट गहरे साइड शोल्डर (गड्ढे) हैं, जिससे भारी वाहनों को क्रॉसिंग में परेशानी होती है। इसके अलावा, चालक अक्सर जबरदस्ती ओवरटेक करने का प्रयास करते हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्यपूर्वक एक ही कतार में चलने और ओवरटेक न करने की अपील की है ताकि जाम से बचा जा सके। जाम की अन्य तस्वीरें...
Read full article on Bhaskar